Today is 2025/05/24
राज्य / हरदोई / 27 April 2025

गंगा एक्सप्रेस वे निरीक्षण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज करेंगे दौरा

 गंगा एक्सप्रेस वे निरीक्षण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज करेंगे दौरा

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

हरदोई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को हरदोई के माधौगंज थाना क्षेत्र स्थित गोपलिया गांव के पास गंगा एक्सप्रेस वे के निरीक्षण के लिए आ रहे हैं। मुख्यमंत्री का आगमन कार्यक्रम निर्धारित हो चुका है। वे सुबह 11:05 बजे हसनपुर गोपाल गांव पहुंचेंगे और लगभग 11:25 बजे वापस प्रस्थान कर जाएंगे।


गंगा एक्सप्रेस वे परियोजना उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है, जो मेरठ से प्रयागराज तक फैली हुई है। इसकी कुल लंबाई लगभग 650 किलोमीटर है। इस परियोजना को उत्तर प्रदेश के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है, जो औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और तीव्र आवागमन में सहायक होगी।


मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और अंतिम तैयारियों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। अधिकारी व कर्मचारी दिन-रात जुटे हुए हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान कोई कमी न रह जाए।


मुख्यमंत्री निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे सकते हैं। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में साफ-सफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए हैं।


गौरतलब है कि गंगा एक्सप्रेस वे के बन जाने से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन बेहद आसान और तेज होगा, जिससे राज्य के आर्थिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस परियोजना को प्रदेशवासियों के लिए एक बड़ा तोहफा मानते हैं।


मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल परियोजना की प्रगति का मूल्यांकन करेगा, बल्कि इसके जल्द पूर्ण होने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

© Media Writers. All Rights Reserved.