Today is 2025/07/16
राज्य / हरदोई / 20 April 2025

भाजपा की हरकत पर गरजी कांग्रेस, न्याय पेटिका से दिलाएगी जनता को हक

 भाजपा की हरकत पर गरजी कांग्रेस, न्याय पेटिका से दिलाएगी जनता को हक

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

हरदोई। कांग्रेस ने शुक्रवार को हरदोई में एक अहम पहल करते हुए जिले भर में शिकायतों के समाधान हेतु ‘न्याय पेटिका’ की शुरुआत की। इस मौके पर आयोजित प्रेस वार्ता में मौजूद प्रदेश प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि पार्टी जनता की समस्याओं को सीधे संबंधित विभागों तक पहुंचाकर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करेगी। पेटिका के लिए टोल फ्री नंबर 05852-299188 जारी किया गया है। इसे जिला अस्पताल, सभी थानों, तहसीलों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित किया जाएगा।


प्रवक्ता अवस्थी ने कहा कि “यह पहल कांग्रेस को जनता के और करीब लाएगी। लोगों के बीच भरोसे की भावना जगेगी और उनकी पीड़ा को आवाज मिलेगी।” उन्होंने साथ ही भाजपा के विरोध में भी मोर्चा खोलते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किए जाने की निंदा की और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।


प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि “यदि भाजपा युवा मोर्चा के लोगों के खिलाफ प्रशासन ने कार्यवाही नहीं की तो कांग्रेस ‘ईंट का जवाब पत्थर से’ देगी।” उन्होंने संगठन सृजन अभियान के तहत जल्द ही पूरी जिला कार्यकारिणी की घोषणा किए जाने की बात भी कही। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने भी भाजपा पर करारा हमला बोला और कहा कि “अगर उनमें दम था तो खुलकर सामने आते। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता की आवाज उठाना जानता है।” उन्होंने विश्वास जताया कि न्याय पेटिका जिले की जनता को न्याय दिलाने का एक मजबूत जरिया साबित होगी। इस कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह को मिश्रिख और अजय सिंह को हरदोई लोकसभा का प्रभारी नियुक्त किया गया। कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए जनता को भरोसा दिलाया कि पार्टी हर मोर्चे पर उनके साथ खड़ी है और हर अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी।


Top News

© Media Writers. All Rights Reserved.