नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी का पुतला दहन, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन
नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी का पुतला दहन, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन
मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ चुंगी से जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका। इस दौरान ‘राहुल गांधी मुर्दाबाद’ के नारे गूंजते रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं का यह प्रदर्शन भाजपा कार्यालय से प्रारंभ हुआ, जो लखनऊ चुंगी चौराहे तक निकाला गया। जुलूस में भाजपा के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने राहुल गांधी और गांधी परिवार पर नेशनल हेराल्ड की संपत्ति को अवैध तरीके से हड़पने का आरोप लगाया।
जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि गांधी परिवार ने अपने राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए नेशनल हेराल्ड की संपत्तियों को हड़पने की कोशिश की है। यह देश की जनता के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद को कानून से ऊपर समझते हैं, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है। कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है, और इसका पर्दाफाश हो चुका है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति को अब देश बर्दाश्त नहीं करेगा। जनता को गुमराह करने वाले नेताओं का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी रही। पुलिस बल ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे मार्ग पर निगरानी रखी। हालांकि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस विरोध प्रदर्शन के ज़रिए भाजपा ने यह संदेश देने की कोशिश की कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उसकी लड़ाई जारी रहेगी और किसी भी नेता को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।