Today is 2025/12/17
राज्य / हरदोई / 14 October 2025

हरदोई में जल जीवन मिशन की टंकी का छज्जा गिरा, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

हरदोई में जल जीवन मिशन की टंकी का छज्जा गिरा, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/राजीव कुमार मिश्र 

हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के नगला लोथू गांव में जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में काम कर रहे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर जल जीवन मिशन के अंतर्गत टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान छज्जा टूटकर नीचे गिर पड़ा। हादसे के समय मजदूर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम कर रहे थे। छज्जा गिरने से दो मजदूर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

मजदूर लालाराम ने बताया कि छज्जा गिरने से उसका भाई और एक अन्य साथी घायल हो गया। ठेकेदार ने दोनों को पिकअप डाला से शाहाबाद सीएचसी पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती नहीं किया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है और मजदूरों की सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी। ग्रामीणों ने ठेकेदार और संबंधित विभाग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, स्थानीय प्रशासन ने घटना की जानकारी मिलने के बाद जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Top News

© Media Writers. All Rights Reserved.