Today is 2025/12/17
राज्य / हरदोई / 20 September 2025

भाजपा विधायक श्याम प्रकाश का बयान वायरल – देवता भी महिलाओं से डरते थे

भाजपा विधायक श्याम प्रकाश का बयान वायरल – देवता भी महिलाओं से डरते थे

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की गोपामऊ विधानसभा सीट से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। अक्सर सोशल मीडिया पर अपने विवादित कमेंट के चलते सुर्खियों में रहने वाले विधायक इस बार महिला सशक्तिकरण को लेकर दिए गए बयान से चर्चा में आ गए।


दरअसल, पिहानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में श्याम प्रकाश ने महिलाओं की शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि महिलाएं हर युग में सशक्त रही हैं। उन्होंने कहा – “इतिहास गवाह है कि देवता भी देवियों और पत्नियों से थर-थर कांपते थे। जब देवता महिलाओें से डरते थे, तो हमारी क्या औकात है? नारी सशक्तिकरण का इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है।”


विधायक का यह बयान जैसे ही मंच से आया, वैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया देने लगे। कई लोगों ने उनके बयान को महिलाओं के सम्मान से जोड़ा, तो कुछ ने इसे उनकी पुरानी बयानबाजी की कड़ी बताया।


गौरतलब है कि विधायक श्याम प्रकाश पहले भी विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रह चुके हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने संत रामभद्राचार्य को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा था कि “जब वे अंधे हैं तो संस्कृत का अध्ययन कैसे किया और झूठ क्यों बोल रहे हैं?” उनका यह बयान रामभद्राचार्य द्वारा प्रेमानंद महाराज पर की गई टिप्पणी के बाद सामने आया था।


कुल मिलाकर, विधायक श्याम प्रकाश का यह ताजा बयान एक बार फिर लोगों के बीच बहस का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से शेयर हो रहा है और विधायक चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।

Top News

© Media Writers. All Rights Reserved.