सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का धरना-प्रदर्शन, शौकत अली का पुतला फूंका
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का धरना-प्रदर्शन, शौकत अली का पुतला फूंका
मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने मंगलवार को प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन कर AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के विवादित बयान के खिलाफ जोरदार रोष प्रकट किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के निर्देश पर आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव राजभर के त्याग और योगदान का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शौकत अली द्वारा उन्हें “लुटेरा” कहना न केवल आपत्तिजनक है बल्कि ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़ने-मरोड़ने का प्रयास है। इसे राजभर समाज और देश के करोड़ों लोगों का अपमान बताया गया।
प्रदर्शनकारियों ने सिनेमा चौराहा पर शौकत अली का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शौकत अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कठोर कार्रवाई की मांग की गई। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते कार्यवाही नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में राष्ट्रीय, प्रदेश, मंडल, जिला, विधानसभा और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक भारी संख्या में मौजूद रहे। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि महाराजा सुहेलदेव का इतिहास गौरवशाली है और उनके सम्मान से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा। पूरे कार्यक्रम के बाद प्रशासन ने ज्ञापन स्वीकार कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।