राम मंदिर ट्रस्ट में हरदोई के कृष्ण मोहन बने नए सदस्य, कामेश्वर चौपाल के निधन से रिक्त पद पर चयन
राम मंदिर ट्रस्ट में हरदोई के कृष्ण मोहन बने नए सदस्य, कामेश्वर चौपाल के निधन से रिक्त पद पर चयन
मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई। राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में मंगलवार को बड़ा निर्णय लिया गया। ट्रस्ट के सदस्य कामेश्वर चौपाल के निधन से रिक्त हुए पद पर सर्वसम्मति से हरदोई निवासी कृष्ण मोहन को नया सदस्य चुना गया। राम मंदिर ट्रस्ट ने उनके सामाजिक योगदान और संगठनात्मक कार्यों को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है।
कृष्ण मोहन शाहाबाद के सिकंदरपुर के मूल निवासी हैं। उनके पिता रेलवे विभाग में कार्यरत थे। उन्होंने एमएससी जूलॉजी और परमाणु ऊर्जा से उच्च शिक्षा प्राप्त की। 1979 में भारतीय वन सेवा में चयनित होकर नागपुर, महाराष्ट्र में तैनात हुए और वहीं से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े। 2012 में वन विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद वह हरदोई लौट आए और समाजसेवा में सक्रिय हो गए। वर्तमान में वे सेवा भारती नगर, जिला अवध प्रांत, पूर्वोत्तर क्षेत्र के संघ चालक भी रहे हैं।
राम मंदिर ट्रस्ट में शामिल किए जाने के बाद कृष्ण मोहन ने कहा कि यह उनके लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे अपने समाज और संगठन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।
उधर, ट्रस्ट के एक अन्य सदस्य राजा विमलेन्द्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन से रिक्त पद पर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। फिलहाल कामेश्वर चौपाल के स्थान पर हुए इस नए चयन से ट्रस्ट में एक बार फिर सक्रियता बढ़ी है और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।