पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने खेलों को बढ़ावा देने पर दिया जोर
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने खेलों को बढ़ावा देने पर दिया जोर
मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई।भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह सोमवार को हरदोई के मल्लावां क्षेत्र स्थित गंज जलालाबाद पहुंचे। यहां आयोजित होने वाली परंपरागत कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होकर उन्होंने युवाओं को खेलों से जोड़ने पर बल दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि बच्चों को किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए। खेल केवल मनोरंजन ही नहीं बल्कि तन और मन को स्वस्थ रखने का जरिया भी है। उन्होंने कहा कि अगर परिजन बच्चों को खेलने से रोकेंगे तो वे गलत राह पकड़ सकते हैं। उन्होंने प्राचीन शास्त्रों का हवाला देते हुए कहा कि निरोगी काया को सर्वोपरि बताया गया है और खेलों के जरिए ही परिवार और समाज स्वस्थ रह सकता है।
गंज जलालाबाद में आयोजित इस प्रतियोगिता की शुरुआत सुबह 10 बजे से हुई। इसमें प्रदेश और बाहर से कई नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई। आयोजक नरेश दीक्षित और अभिषेक दीक्षित ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य परंपरागत खेलों को पुनर्जीवित करना और युवा पीढ़ी को खेलों से जोड़ना है।
इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में दर्शक दूर-दराज से पहुंचे। जिला प्रशासन ने पूर्व सांसद की जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा को देखते हुए पुख्ता इंतजाम किए। साथ ही उनके हेलीकॉप्टर के उतरने की विशेष अनुमति भी दी गई। करीब एक घंटे तक बृजभूषण शरण सिंह कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।