Today is 2025/09/16
राज्य / हरदोई / 07 September 2025

हरदोई में धार्मिक भावनाएं भड़काने का मामला, आरोपी गिरफ्तार, माहौल तनावपूर्ण

हरदोई में धार्मिक भावनाएं भड़काने का मामला, आरोपी गिरफ्तार, माहौल तनावपूर्ण

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/राजीव कुमार मिश्र 

हरदोई। पिहानी कस्बे में धार्मिक भावनाएं भड़काने का मामला सामने आया है। यहां एक व्हाट्सऐप ग्रुप पर इस्लाम धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट किए जाने से हड़कंप मच गया। मामला सामने आते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


जानकारी के मुताबिक, स्पेशल ग्रुप नामक व्हाट्सऐप ग्रुप पर शुभम मिश्रा नामक युवक ने इस्लाम धर्म के पैगंबर और उनकी पत्नी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। पोस्ट वायरल होने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि समाज में सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


इसी बीच, सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी को लेकर नाराज मुस्लिम समुदाय के लोग दोबारा कोतवाली गेट पर पहुंच गए। यहां उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। गुस्साए लोगों ने बंदर पार्क से बस स्टैंड मार्ग तक चक्का जाम कर दिया।


स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


घटना के बाद कस्बे का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, हालांकि पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।

© Media Writers. All Rights Reserved.