Today is 2025/09/16
राज्य / हरदोई / 01 September 2025

हरदोई में कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन

हरदोई में कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

हरदोई। जनपद मुख्यालय पर उस समय माहौल गरमा गया जब कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन, जिंदपीर चौराहा पर भाजपा महिला मोर्चा की नेत्रियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा का आरोप है कि कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अपशब्द और गालियां दी गईं, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है।


सुबह से ही भाजपा नेत्रियां बड़ी संख्या में कार्यालय के बाहर एकत्रित हो गईं और नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब कांग्रेस नेताओं ने भी कार्यालय के बाहर  निकलकर भाजपा प्रदर्शन का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।


हालात बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बीच में प्लास्टिक की सीट लगाकर पर्दा खड़ा किया और कांग्रेस कार्यालय की तरफ बैरिकेडिंग की गई। कांग्रेस नेता बैरिकेडिंग के भीतर खड़े होकर भाजपा का विरोध कर रहे थे जबकि बाहर सड़क पर भाजपा नेत्रियां प्रदर्शन जारी रखे हुए थीं।


दोनों ओर से लगातार नारेबाजी होने से मौके पर माहौल काफी गर्म रहा। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी और सुरक्षा इंतजामों के चलते कोई बड़ा विवाद नहीं हो पाया।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं भाजपा नेत्रियों ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द दोहराए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

© Media Writers. All Rights Reserved.