शाहाबाद में भाजपा बूथ अध्यक्ष शैलेंद्र की हत्या, तालाब से मिला शव
शाहाबाद में भाजपा बूथ अध्यक्ष शैलेंद्र की हत्या, तालाब से मिला शव
मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई में शाहाबाद के निहालगंज निवासी और भाजपा बूथ अध्यक्ष शैलेंद्र उर्फ गौरीशंकर का शव शुक्रवार सुबह बीयर बार से करीब एक किलोमीटर दूर तालाब में मिला। 21 अगस्त की रात बीयर बार में हुए विवाद के बाद से वह लापता थे।
जानकारी के मुताबिक, शैलेंद्र का पवन भारद्वाज व उसके साथियों से बार के अंदर विवाद हुआ था। बाद में CCTV फुटेज में उन्हें सड़क पर गिराकर पीटते भी देखा गया। इसके बाद से ही वे लापता थे।
परिवार की शिकायत पर पुलिस ने खोजबीन की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। नाराज परिजनों ने 22 अगस्त को हाईवे जाम कर हंगामा किया और आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को बचा रही है।
शुक्रवार को ग्रामीणों ने तालाब से शैलेंद्र का शव निकाला। परिजनों ने शव की पहचान की और मौके पर जमकर हंगामा हुआ। शैलेंद्र की पत्नी ने आक्रोश में कोतवाल उमेश त्रिपाठी की वर्दी तक नोच डाली।
परिजनों का आरोप है कि समय रहते कार्रवाई होती तो शैलेंद्र की जान बच सकती थी। उन्होंने पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया।
ASP मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि चार नामजद आरोपियों में से तीन को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
शैलेंद्र अपने पिता के साथ कपड़े की दुकान चलाते थे। उनका एक 6 वर्षीय बेटा है। मुख्य आरोपी पवन भारद्वाज बुक स्टोर संचालित करता है।
घटना के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन व उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ परिवार की इच्छा के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।