Today is 2025/12/17
राज्य / हरदोई / 29 August 2025

9 दिन से लापता भाजपा बूथ अध्यक्ष का शव मिलने से सनसनी

9 दिन से लापता भाजपा बूथ अध्यक्ष का शव मिलने से सनसनी

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में बीयर बार में हुए झगड़े के बाद रहस्यमय परिस्थितियों में लापता भाजपा बूथ अध्यक्ष का शव शुक्रवार सुबह बरामद हुआ। मृतक की पहचान नेहालगंज निवासी शैलेंद्र उर्फ गौरी शंकर (भाजपा बूथ अध्यक्ष) के रूप में हुई है। उसका शव नर्मदा स्थल के पास नेवाड़ वाड़ी में पड़ा मिला। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की।


गौरतलब है कि शैलेंद्र 9 दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया था। जानकारी के अनुसार, बीयर बार में पवन भारद्वाज और उसके साथियों से उसका विवाद हुआ था। इसी दौरान शैलेंद्र के एक साथी की जमकर पिटाई की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद से ही शैलेंद्र लापता हो गया। परिजनों ने अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।


गुमशुदगी के दिनों में परिजनों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर भी युवक को ढूंढने की गुहार लगाई थी। वहीं, लापता होने के दूसरे दिन परिजनों और ग्रामीणों ने हाइवे जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था।


शुक्रवार सुबह जब नेवाड़ वाड़ी में शव मिला तो सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में नामजद चार आरोपियों में से तीन को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है।


इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों में भी आक्रोश व्याप्त है। भाजपा बूथ अध्यक्ष की हत्या की आशंका के बीच पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं, शव बरामद होने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Top News

© Media Writers. All Rights Reserved.