बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश की विवादित टिप्पणी, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश की विवादित टिप्पणी, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई। गोपामऊ से बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश एक बार फिर अपनी विवादित टिप्पणी को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला संत रामभद्राचार्य और प्रेमानंद जी महाराज के बीच चल रहे सोशल मीडिया विवाद से जुड़ा है। विधायक ने सोशल मीडिया पर कई तीखे पोस्ट लिखे, जिन्हें लेकर हंगामा खड़ा हो गया।
श्याम प्रकाश ने पोस्ट में लिखा— “आपने अंधे होकर संस्कृत का अध्ययन कैसे किया, झूठ क्यों बोल रहे हैं?” एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा— “आप बहुत बड़े जातिवादी हैं।” इतना ही नहीं, उन्होंने महिलाओं को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी और लिखा— “आप महिलाओं को चादर में ढक कर जो करते हैं, वह व्यभिचार की श्रेणी में आता है।”
इन टिप्पणियों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर विधायक की जमकर आलोचना शुरू हो गई। लोग उनकी पोस्ट को लगातार शेयर करने लगे, जिससे विवाद और बढ़ गया। इसके बाद विधायक ने सफाई देते हुए एक नया पोस्ट साझा किया।
अपने स्पष्टीकरण में श्याम प्रकाश ने लिखा— “मैं पूज्यनीय प्रेमानंद महाराज का अनुयायी और समर्थक हूं। अध्यात्म गुरु रामभद्राचार्य जी द्वारा उनके प्रति एवं पूर्व में ब्राह्मण समाज के प्रति की गई गलत टिप्पणी से मैं व्यथित हुआ था, जिसके कारण मैंने कुछ टिप्पणी कर दी। मेरी उनके प्रति कोई निजी दुर्भावना नहीं है, मैं सभी सच्चे संतो का सम्मान करता हूं।”
विधायक का यह विवाद कोई नया नहीं है। श्याम प्रकाश पूर्व में भी अपनी बेबाक और विवादित टिप्पणियों के कारण सुर्खियों में रह चुके हैं। इस ताजा बयानबाजी ने एक बार फिर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।