बरसते पानी में कांग्रेस का चक्का जाम, हल्ला बोल प्रदर्शन में सरकार से इस्तीफे की मांग
बरसते पानी में कांग्रेस का चक्का जाम, हल्ला बोल प्रदर्शन में सरकार से इस्तीफे की मांग
मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई में तेज बारिश भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसलों को डिगा न सकी। सोमवार को जिला व शहर कांग्रेस कमेटी हरदोई ने प्रांतीय आह्वान पर हल्ला बोल प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम किया और सरकार से इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने किसानों के लिए समय पर यूरिया और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय से हुई, जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हुंकार भरते हुए जुलूस निकाला। मेडिकल कॉलेज रोड से होते हुए जुलूस सिनेमा चौराहा पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर सरकार का किसान विरोधी चेहरा उजागर किया। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन में किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व प्रभारी उत्तर प्रदेश आनंद पाल सिंह मुख्य अतिथि रहे, जबकि नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने किया। शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने नारों के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि किसान खरीफ की फसल के लिए यूरिया की किल्लत से जूझ रहा है। सरकार कभी खाद की कमी से तो कभी आवारा पशुओं से किसानों को जोखिम में डाल रही है। कृषि मंत्री सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के हित में लड़ने को तैयार है।
राष्ट्रीय संयोजक आनंद पाल सिंह ने आरोप लगाया कि सहकारी समितियों पर बैठे भाजपा से जुड़े लोग ही कालाबाजारी कर रहे हैं। भाजपा का भ्रष्टाचार चरम पर है और किसान मानसिक व शारीरिक शोषण झेल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव के मूड में है और सरकार का अंतिम समय आ चुका है।
शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से किसानों के मन में हीन भावना आ गई है। सत्ता में बैठे लोग केवल अपने पद का लाभ उठा रहे हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष कुंवर मिथलेश सिंह चौहान ने भाजपा पर व्यापारी मित्रों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार ने मांग की कि सत्ता पक्ष को समितियों का निरीक्षण कर पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस मौके पर अमलेंद्र त्रिपाठी, देवेंद्र विक्रम सिंह, अजीत सिंह चंदेल, आफताब हैदर, मोहन सिंह, सुनीता देवी, अनुजा सिंह, हसन अहमद सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे।