Today is 2025/12/17
राज्य / हरदोई / 14 August 2025

हरदोई मेंविशाल तिरंगा यात्रा, पूर्व सैनिकों पर हुई पुष्प वर्षा

हरदोई मेंविशाल तिरंगा यात्रा, पूर्व सैनिकों पर हुई पुष्प वर्षा

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

हरदोई में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हरदोई पूर्व सैनिक वेलफेयर फाउंडेशन और वीरांगना सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा सुबह 10:30 बजे जिला सैनिक कल्याण पुनर्वास केंद्र से शुरू होकर सिनेमा चौराहा, अटल चौक होते हुए कम्पनी बाग स्थित शहीद पार्क तक पहुंची। यात्रा के दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल छा गया।

 तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सेना के जवान, सामाजिक संगठनों के सदस्य और आम नागरिक शामिल हुए। सैनिक वर्दी में पूर्व सैनिकों की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। सांडी विधानसभा के विधायक प्रभाष कुमार की पत्नी निरमा देवी ने यात्रा के दौरान सेना के जवानों और पूर्व सैनिकों पर पुष्प वर्षा की।


आयोजन में कुबेर सेवा संस्थान और ह्यूमन राइट्स एसोसिएशन का भी सहयोग रहा। वीरांगना सामाजिक सेवा संस्थान की अध्यक्ष सुहाना जैन ने यात्रा में शामिल पूर्व सैनिकों का सम्मान किया और उन पर भी पुष्प वर्षा की। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।


शहर के प्रमुख चौराहों से गुजरती तिरंगा यात्रा में ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। शहीद पार्क पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ, जहां शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए इस तरह के कार्यक्रमों को भविष्य में भी जारी रखने का संकल्प लिया।



Top News

© Media Writers. All Rights Reserved.