Today is 2025/12/17
राज्य / हरदोई / 07 August 2025

गम्भीरी नदी में डूबने से किशोर की मौत, ग्रामीणों और पुलिस ने शव बरामद किया

 गम्भीरी नदी में डूबने से किशोर की मौत, ग्रामीणों और पुलिस ने शव बरामद किया

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

हरदोई। अरवल थाना क्षेत्र के चौंसार गांव में गम्भीरी नदी में डूबने से एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर है। मृतक की पहचान 12 वर्षीय भूरा पुत्र सतीश के रूप में हुई है, जो अरवल क्षेत्र के परशुपुरवा गांव का निवासी था।


मिली जानकारी के अनुसार भूरा रोजाना की तरह गुरुवार को भैंस चराने गया था। वह गांव से लगे गम्भीरी नदी किनारे गया, जहां चौंसार गांव में एक भट्ठे के पास उसकी भैंसें चली गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भूरा नदी में उतरकर भैंसों को निकालने का प्रयास कर रहा था, तभी अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।


घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने शोर मचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। काफी प्रयासों के बाद किशोर का शव बेहथर गांव के सामने नदी से बरामद किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


भूरा आठ भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था और गांव के ही एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। उसकी मां पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। भूरा पढ़ाई में होनहार था और परिवार का सहारा माना जाता था।


पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Top News

© Media Writers. All Rights Reserved.