खाद की किल्लत को लेकर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
खाद की किल्लत को लेकर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई। जनपद में बढ़ती खाद की समस्या को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। तहसील शाहाबाद, सवायजपुर, बिलग्राम, संडीला और हरदोई से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और किसान जुटे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पूर्व जिला अध्यक्ष आशीष सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध दर्ज कराया और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में खाद की भारी किल्लत है, लेकिन भाजपा नेताओं और समितियों के अध्यक्षों की मिलीभगत से किसानों को खाद नहीं मिल रही।
उन्होंने कहा कि खाद रैक की रैक उतर रही है, लेकिन यह किसानों तक पहुंचने की बजाय कैमिकल फैक्ट्रियों में बेची जा रही है। इस खेल में भाजपा के कई नेता और समितियों के अध्यक्ष शामिल हैं।
आशीष सिंह ने कहा कि हरदोई से दो सांसद, आठ विधायक, जिनमें दो मंत्री और एक उपमुख्यमंत्री भी शामिल हैं, होने के बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन प्रशासन और सरकार आंखें मूंदे बैठी है।
इस दौरान कलेक्ट्रेट स्थित विवेकानंद सभागार में कमिश्नर रोशन जैकब बैठक कर रही थीं, वहीं बाहर किसान और कांग्रेसी नेता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते रहे।
कांग्रेस ने मांग की कि खाद की किल्लत दूर की जाए, कालाबाजारी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और किसानों को राहत दी जाए, नहीं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।