Today is 2025/09/16
राज्य / हरदोई / 29 July 2025

गर्दन में लगी गोली, फिर भी बाइक दौड़ाता रहा शानू, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

 गर्दन में लगी गोली, फिर भी बाइक दौड़ाता रहा शानू, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

हरदोई जनपद के मल्लावां क्षेत्र में रविवार रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। मल्लावां नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विशाल जायसवाल के करीबी ताजुद्दीन उर्फ शानू को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उसकी गर्दन में लगी, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। घायल शानू गर्दन से बहते खून के बावजूद बाइक चलाता रहा और पास के पेट्रोल पंप तक पहुंचकर साथियों को घटना की जानकारी दी।


यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि घायल हालत में भी शानू ने खुद को संभालते हुए कैसे बाइक दौड़ाई और पेट्रोल पंप पहुंचकर मदद मांगी। उसकी हिम्मत और जज्बे को देखकर हर कोई हैरान है। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग उसकी बहादुरी की प्रशंसा कर रहे हैं।


घटना कटरा-बिल्हौर हाईवे पर स्थित आसमानी पैलेस के पास की है, जहां रात करीब 10 बजे बदमाशों ने उसका पीछा कर गोली मारी। काजीपुर निवासी शानू सामाजिक कार्यकर्ता विशाल जायसवाल का पर्सनल असिस्टेंट है और घटना के वक्त वह अपने घर लौट रहा था।


घायल शानू को पहले सीएचसी मल्लावां और फिर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने कई टीमों का गठन कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि उसे पहले से धमकियां मिल रही थीं।


शानू की बहादुरी अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।

© Media Writers. All Rights Reserved.