Today is 2025/09/16
राज्य / हरदोई / 28 July 2025

कांग्रेस नेता की कुर्क हो चुकी गैस एजेंसी के गोदाम से 600 गैस सिलिंडर चोरी,सीज गोदाम से गायब हुए सैकड़ों सिलेंडर, हरदोई गैस चोरी कांड, कांग्रेस नेता की थी कुर्क संपत्ति

 कांग्रेस नेता की कुर्क हो चुकी गैस एजेंसी के गोदाम से 600 गैस सिलिंडर चोरी,सीज गोदाम से गायब हुए सैकड़ों सिलेंडर, हरदोई गैस चोरी कांड, कांग्रेस नेता की थी कुर्क संपत्ति

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/राजीव कुमार मिश्र 

हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता सुभाष पाल की कुर्क की गई गैस एजेंसी से 500 से 600 गैस सिलेंडरों की चोरी हो गई है।यह घटना तब हुई जब संपत्ति को कोर्ट के आदेश पर सीज किया गया था और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन के पास थी। इस संपत्ति को सरकार बनाम सुभाष पाल में धारा 14(1) के तहत कुर्क किया गया था।

7 जून 2021 को तत्कालीन जिलाधिकारी ने कांग्रेस नेता सुभाष पाल और उनके भाई सुधीर पाल की संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया था। इसी क्रम में सुभाष पाल की पत्नी सुनीता पाल के नाम संचालित फतियापुर गैस एजेंसी भी सील कर दी गई थी। गोदाम में उस समय कुल 1163 सिलिंडर थे, जिनमें से 657 भरे और 486 खाली थे जिलाधिकारी के आदेश पर भारत गैस, फतियापुर समेत अन्य संपत्तियां जब्त की गई थीं। गोदाम के संरक्षण और प्रबंधन की जिम्मेदारी एसडीएम सदर को सौंपी गई थी। कुर्की की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक को दी गई थी। संपत्ति से जुड़े सुधीर पाल ने बताया कि उन्हें पुख्ता सूचना मिली है कि लगभग 500-600 सिलेंडर चोरी हो चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें गोदाम के अंदर जाने नहीं दिया गया। इससे स्थिति और संदिग्ध हो गई है।

26 जुलाई 2025 को नायब तहसीलदार सुरसा की रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम सदर ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। थाना प्रभारी सुरसा द्वारा धारा 305E BNS में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।यह घटना प्रशासनिक चूक को दर्शाती है। कुर्क की गई संपत्तियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जब संपत्ति प्रशासन की सीधी निगरानी में थी और रिसीवर के रूप में एसडीएम सदर तैनात थे, तब इतनी बड़ी चोरी कैसे हुई, यह जांच का विषय है।सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।




© Media Writers. All Rights Reserved.