Today is 2025/07/13
राज्य / हरदोई / 01 July 2025

सवरदहा गांव में छह घरों में सेंधमारी, खोया खाया, अचार और कपड़े फेंके, गांव में दहशत

सवरदहा गांव में छह घरों में सेंधमारी, खोया खाया, अचार और कपड़े फेंके, गांव में दहशत

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

हरदोई। जनपद के हरियावा थाना क्षेत्र के सवरदहा गांव में बीती रात चोरों ने आतंक मचा दिया। गांव के छह घरों में एक साथ सेंध लगाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया। चोरों ने न केवल घरों में घुसकर सामान बिखेर दिया, बल्कि एक घर में फ्रिज में रखा खोया भी खा लिया। कुछ घरों से कोई कीमती सामान नहीं मिला तो अचार और कपड़े तक फेंक दिए गए।


स्थानीय निवासियों के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है। अधिकतर पीड़ित परिवार धान की रोपाई के चलते बेहद थकान में थे और गहरी नींद में सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने एक-एक कर छह घरों में सेंध लगाई। ग्रामीणों का कहना है कि चोर पहले खेत में बैठकर बियर पी रहे थे, इसके बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।


घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह एक घर में सो रही लड़की को कुछ हलचल महसूस हुई और उसने शोर मचाया। तब तक चोर भाग चुके थे। सुबह उठने पर लोगों ने घरों में बिखरा सामान देखा और दहशत फैल गई।


सुबह 6 बजे डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक हरियावा और क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल दहशत का माहौल है और ग्रामीण रात में जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।

Top News

© Media Writers. All Rights Reserved.