Today is 2025/05/24
राज्य / हरदोई / 23 May 2025

हरदोई में वीरांगना सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, 255 फीट लंबा तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र

हरदोई में वीरांगना सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, 255 फीट लंबा तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

हरदोई। वीरांगना सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान द्वारा शुक्रवार को हरदोई शहर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें 255 फीट लंबे विशाल तिरंगे को लेकर लोगों ने राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। इस ऐतिहासिक यात्रा का नेतृत्व संस्था की अध्यक्ष और बीजेपी नेत्री सुहाना जैन ने किया।


तिरंगा यात्रा की शुरुआत खाटू श्याम मंदिर से विधिवत मंत्रोच्चारण, शंखनाद और डमरू बजाकर की गई। सुहाना जैन ने बाबा खाटू श्याम के चरणों में तिरंगा अर्पित कर यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी देशभक्ति के नारों के साथ हाथों में तिरंगा लिए हुए नजर आए।


255 फीट लंबे विशाल तिरंगे ने यात्रा का मुख्य आकर्षण बनकर जनमानस का ध्यान खींचा। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकली, जहां विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर लोगों ने स्वागत किया। चारों ओर राष्ट्रभक्ति का माहौल छा गया और तिरंगे के सम्मान में लोगों की आंखें गर्व से चमक उठीं।


तिरंगा यात्रा का समापन सैनिक कल्याण कार्यालय पर हुआ, जहां वीर नारियों का सम्मान कर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए गए। इस अवसर पर सुहाना जैन ने कहा कि यह यात्रा शहीदों को श्रद्धांजलि और उनके परिजनों के सम्मान का प्रतीक है।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, समाजसेवी, छात्र-छात्राएं और संगठन के सदस्य मौजूद रहे। यह आयोजन जिले में देशभक्ति और एकता का संदेश देने वाला एक प्रेरणादायक आयोजन साबित हुआ।

© Media Writers. All Rights Reserved.