हरदोई पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, कानून व्यवस्था और ऑपरेशन सिंदूर पर बोले, सपा पर किया तीखा प्रहार
हरदोई पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, कानून व्यवस्था और ऑपरेशन सिंदूर पर बोले, सपा पर किया तीखा प्रहार
अहिल्याबाई होलकर की जयंती पर पहुंचे कार्यक्रम में, पत्रकारों से की बात
मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई में अहिल्याबाई होलकर की जयंती कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज कानून का राज है और अपराध न्यूनतम स्तर पर हैं। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर सुरक्षाबलों के पराक्रम की सराहना की और कहा कि हमारा विरोध पाकिस्तान की मानसिकता के खिलाफ है, न कि पाकिस्तान के आम नागरिकों से।
प्रदेश भर में निकाली जा रही तिरंगा यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि यह सैनिकों के सम्मान और मनोबल को बढ़ाने के लिए निकाली जा रही है। देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कहा कि कांग्रेस को सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले की दुनिया भर में निंदा हुई है और तमाम देश भारत के साथ खड़े नजर आए हैं।
समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए चौधरी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और उनके परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यह पोस्ट समाजवादी पार्टी के चरित्र को उजागर करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब प्रदेश में सपा की सरकार रही—चाहे मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव रहे हों या अखिलेश यादव—तब प्रदेश में अराजकता का माहौल रहता था और अपराधियों का बोलबाला था। हर जिले में अपराधियों का राज चलता था।
चौधरी ने कहा कि आज भाजपा सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और जनता अमन-शांति के साथ जीवन जी रही है।