Today is 2025/05/24
राज्य / हरदोई / 21 May 2025

भाजपा ब्लॉक प्रमुख का वायरल वीडियो: यातायात उपनिरीक्षक को धमकाने पर मचा बवाल, जांच में जुटा प्रशासन

भाजपा ब्लॉक प्रमुख का वायरल वीडियो: यातायात उपनिरीक्षक को धमकाने पर मचा बवाल, जांच में जुटा प्रशासन

मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह

हरदोई में भाजपा के शाहबाद ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वह खुलेआम यातायात उपनिरीक्षक राजेश सिंह को धमकाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में ब्लॉक प्रमुख सख्त लहजे में कहते दिख रहे हैं, "किसी भी मोटरसाइकिल का चालान नहीं होना चाहिए। अगर एक भी चालान हुआ तो मैं बता दूंगा।"


यह वीडियो शाहबाद कोतवाली क्षेत्र का है। सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यह मामला सुर्खियों में आ गया और ब्लॉक प्रमुख पर गुंडई और दबंगई के आरोप लगने लगे हैं। बताया जा रहा है कि त्रिपुरेश मिश्रा प्रदेश सरकार में एक मंत्री के करीबी माने जाते हैं, और इसी प्रभाव के चलते वे अक्सर अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं।


वीडियो में जिस तरह से एक जनप्रतिनिधि द्वारा पुलिस अधिकारी को खुलेआम धमकी दी जा रही है, उसने आम जनता और राजनीतिक हलकों में आक्रोश पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि कानून के रक्षक ही जनप्रतिनिधियों के दबाव में काम करेंगे, तो कानून व्यवस्था पर सीधा असर पड़ेगा।


वहीं, इस मामले में अब प्रशासन भी हरकत में आ गया है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


विपक्षी दलों और स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि जनप्रतिनिधियों द्वारा कानून व्यवस्था में दखल देने की प्रवृत्ति पर रोक लग सके।

© Media Writers. All Rights Reserved.