हरदोई में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर महिला मोर्चा ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति नारों से गूंजा शहर
हरदोई में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर महिला मोर्चा ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति नारों से गूंजा शहर
मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई।ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर जहां देशभर में जश्न का माहौल है, वहीं हरदोई में भी भाजपा महिला मोर्चा ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। रविवार को महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अलका गुप्ता के नेतृत्व में यह यात्रा उनके आवास से शुरू होकर अटल चौक होते हुए शहीद उद्यान तक निकाली गई। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं, जिन्होंने हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारे लगाए और वीर सैनिकों को सलामी दी।
तिरंगा यात्रा के जरिए महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को नमन किया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य आमजन को जागरूक करना और देश की रक्षा में लगे सैनिकों के सम्मान को जन-जन तक पहुंचाना था। इस दौरान महिलाएं पारंपरिक परिधानों में तिरंगा लहराते हुए जोश और उत्साह से भरी दिखीं।
अटल चौक पहुंचने पर महिला कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके विचारों को याद करते हुए जोरदार नारेबाजी की। "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "जय हिंद" जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अलका गुप्ता ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया है कि भारत अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि हमारी सेना की वीरता पर हमें गर्व है और यह तिरंगा यात्रा उन्हें सम्मान देने का छोटा सा प्रयास है।
भाजपा नेत्री प्रियंका सिंह ने बताया कि ये सैनिको के सम्मान में रैली निकाली गई है जैसा कि हमारी महिलाओं के ऊपर आतंकवादी ने हमला किया था उनका सुहाग उजाड़ा था उसका जबाब देने के लिए हमारे देश से महिलाओं को भेज कर उसका बदला लिया गया था।इस अवसर पर भाजपा की कई वरिष्ठ महिला नेत्रियां भी उपस्थित रहीं।