संडीला नगर पालिका कार्यालय में जन्मदिन की पार्टी बनी विवाद का कारण, देर रात तक जाम और ठुमकों का दौर
संडीला नगर पालिका कार्यालय में जन्मदिन की पार्टी बनी विवाद का कारण, देर रात तक जाम और ठुमकों का दौर
मीडिया रायटर्स रिपोर्ट/हर्षराज सिंह
हरदोई। संडीला नगर पालिका कार्यालय शनिवार की रात एक जन्मदिन पार्टी की वजह से विवादों में आ गया। ठेकेदार की बेटी आराध्या सिन्हा का जन्मदिन नगर पालिका कार्यालय परिसर में धूमधाम से मनाया गया। यह कार्यक्रम ठेकेदार अंगूरी सिन्हा द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें कई सम्मानित लोगों की मौजूदगी बताई जा रही है।
हालांकि, इस आयोजन में नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। सूत्रों के अनुसार, सरकारी कार्यालय में देर रात तक जाम चलते रहे और डीजे की धुन पर ठुमकों का भी दौर चला। हैरानी की बात यह रही कि यह सब नगर पालिका कार्यालय परिसर में हुआ, जो एक शासकीय स्थान है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह आयोजन नगर पालिका ईओ (कार्यपालक अधिकारी) अनिरुद्ध कुमार की मौन सहमति से हुआ। जब पत्रकारों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका सीयूजी नंबर स्विच ऑफ मिला। इससे पूरे मामले पर सवाल और भी गहरे हो गए हैं।
सरकारी परिसर में शराब परोसना, डीजे बजाना और निजी कार्यक्रम आयोजित करना नियमों के खिलाफ है, लेकिन संडीला नगर पालिका कार्यालय में खुलेआम इसका उल्लंघन हुआ।
यह भी बताया जा रहा है कि पार्टी में शामिल कुछ प्रभावशाली लोगों ने खुद भी डांस किया और जाम छलकाए।
फिलहाल इस मामले पर नगर प्रशासन की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने इसकी कड़ी निंदा की है और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
जनता अब इस बात की उम्मीद कर रही है कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर उचित कार्रवाई करेगा।